जोधपुर रेलों के विस्तार को लेकर कई साल से मायूसी झेल रहे मारवाड़ के लोग इस बार रेल मंत्री से रेल विकास का ‘कन्फर्म टिकट’ चाहते हैं। रेलमंत्री ममता बनर्जी बुधवार को बजट प्रस्तुत करेंगी।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के रुचि लेने से मारवाड़ को कई योजनाओं में बजट मिलने की उम्मीद है। नई रेल लाइनों, आमान—परिवर्तन, दोहरीकरण और मौजूदा ट्रेनों के फेरे बढ़ाने से लेकर एक्सटेंशन तक दर्जनों प्रस्ताव मंजूरी की मुहर का इंतजार कर रहे हैं। सबसे अहम प्रस्ताव पंजाब से जैसलमेर होकर कांडला तक नई रेल लाइन का है। इसे मंजूरी मिलती है तो पश्चिमी सीमा के समानांतर रेलवे की भी नई पंक्ति बन जाएंगी। कोलायत को फलौदी से जोड़ने के बाद अब फलौदी को समदड़ी से जोड़ने का बजट मिलता है तो बीकानेर सीधा जैसलमेर से जुड़ जाएगा। यह रेल मार्ग सुरक्षा कारणों से अहमियत रखता है। व्यापार के नए रूट के रूप में भी यह लाइन बिछाने से कई फायदे होंगे। इसके अलावा भी कई प्रस्तावों पर अमल होता है तो मारवाड़ सीधे अन्य राज्यों से जुड़ सकता है। सबसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव बिलाड़ा से बर को जोड़ने का है, इससे जोधपुर सीधे अजमेर के रास्ते मध्यप्रदेश तक जुड़ जाएगा।


